Sunday, December 21, 2008

अपने प्रियतम शहर इलाहाबाद की एक खूबसूरत सुबह......

अब साल २००८ अलविदा कहने को है....नये साल का आगमन होने को है...२००९ सबके लिये खुशियाँ लेकर आये अपनी तो यही चाहत है......अभी कुछ तस्वीरें इलाहाबाद की देखकर मन फ़्लैशबैक में डूब गया...इलाहाबाद से दूर रहकर इन तस्वीरों को देखना मेरे लिये एक सुखद एहसास है...कुछ गीत संगीत सुनवाना चाहता था पर आज इन तस्वीरों से काम चलाना होगा मेरा प्रियतम शहर इलाहाबाद आज मुझे बहुत याद आ रहा है.....बहुत कुछ दिया है इस शहर ने ऐसे भी मैं इसे याद करना चाहता हूँ.......इन तस्वीरों को मेरी भांजी मिंकी ने अपने कैमरे में कैद किया । तस्वीरें इलाहाबाद संगम की हैं....





href="https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEh3GC18jINDv_qomzlZ-b2xAB4lDDcDd0Bu9SZGVdXprL0gqTr_AaSo1rD1APbFcuylb18FHOeSUBBek3ZNwe5KySWA3AF2QKJ47sa7bFVgL0OmElQBaZowroAxJNBjhaYYGVOYPSNDKHg/s1600-h/IMG_0654.JPG">

Thursday, December 4, 2008

बच्चों को सिखाना !

आज मैं अपने मित्र अजय कुमार की एक रचना प्रस्तुत कर रहा हूँ,और इस रचना को लिखते हुए अजय कहते है" विगत दिनों के आतंकी हमलों ने ऐसा कहने पर मजबूर कर दिया इसलिये मैं बुज़ुर्गों,बच्चों, और अभिभावकों से माफ़ी चाहता हूँ"




अब अपने नन्हें-बच्चों को पाठ विनम्रता का न पढ़ाना !
आने वाले कल की ख़ातिर सत्य -अहिंसा नहीं सिखाना !!

जब नेता हों चोर -उचक्के ऐसे मंज़र रोज़ ही होंगे,
अपनों में गद्दार छुपे हों दिल पर खंज़र रोज़ ही होंगे !
रोज़ ही होगा देश में मातम,ख़ूँ के समन्दर रोज़ ही होंगे
चोट लगे तो रोने देना ,गोद में लेकर मत बहलाना !!

आने वाले कल की खा़तिर सत्य - अहिंसा नहीं सिखाना

झूठ बोलना,फूट डालना,जगह जगह दंगे करवाना !
उसे पढ़ाना पाठ घृणा का ,सिखलाना नफ़रत फ़ैलाना !!
सिखलाना कटु शब्द बोलना ,मजहब की दीवार बनाना !
नहीं प्यार की थपकी देना,लोरी गाकर नहीं सुलाना !!

आने वाले कल की खा़तिर सत्य - अहिंसा नहीं सिखाना

कर डाले जो देश का सौदा,ऐसा सौदेबाज़ बनाना !
धर्म की ख़ातिर कत्ल करा दे,धर्म का धंधेबाज़ बनाना !!
उसका कोमल ह्रदय कुचलकर,पत्थर दिल यमराज बनाना !
लाकर मत गुब्बारे देना,हाथी बनकर नहीं घुमाना !!

आने वाले कल की खा़तिर सत्य अहिंसा नहीं सिखाना

ना भागे तितली के पीछे, किसी पार्क में नहीं घुमाना !
नहीं खेलने जाने देना ,उसे खिलौने नहीं दिलाना !!
मीठी बातें कभी न करना, परीकथाएं नहीं सुनाना !
ख़ूँन के मंज़र जब दिख जाएं,आँख हाथ से नहीं दबाना !!

आने वाले कल की ख़ातिर सत्य अहिंसा नहीं सिखाना

अजय कुमार

Tuesday, November 11, 2008

उनकी आवाज़ का जादू गज़ब है, पंडित छन्नू लालजी सबसे अलग हैं !!

पंडित छन्नू लाल मिश्र जी की आवाज़ के बारे बहुत कुछ लिखा जा चुका है, यूनुस जी ने अपने ब्लॉग पर उनके बारे में बड़े तफ़्सील से लिखा था, ,मैने भी उनके बारे लिखा था, पर उस समय तकनीकी मामले में अपना मामला थोड़ा कमज़ोर था तो सिर्फ़ एक पोस्ट ही लिख पाया था, पंडितजी की मधुर आवाज़ नहीं सुनवापाने का आज तक अफ़सोस है ,और बहुत दिनों से ये भी मेरे दिल में तीर की तरह चुभ रहा था कि पंडित जी की आवाज़ को अगर अपनी ठुमरी में शामिल नही किया तो अपनी ये ठुमरी अधूरी ही रह जाएगी....तो आज कुछ ऐसा करने की सोच रहा हूँ कि और भी मित्रों ने पंडितजी पर पोस्ट लिखी हो उसका भी लिंक इधर देता चलूँ कि एक ही जगह पंडितजी की ज़्यादा से ज़्यादा रचना आप सुन सकें....आपका जब भी मन करे इस पोस्ट को खोल कर पंडितजी की रचनाएं तसल्ली से सुन सकते हैं,अपने अविनाश जी के ब्लॉग दिल्ली दरभंगा छोटी लाईन पर भी आपने उन्हें सुना है,भाई युनूस के ब्लॉग रेडियोवाणी पर पंडित जी पर बहुत बढ़िया पोस्ट चढ़ाई थी उसका भी लिंक यहाँ देना ज़रूरी समझा,आज ठुमरी पर उनकी रचनाओं को आप तक पहुँचाने में एक अलग सा मज़ा मिल रहा है, उनकी तारीफ़ में लिखना कुछ लिखना मुझे बहुत यांत्रिक सा लगेगा बस इतना कि जब पंडितजी गाते गाते समझा रहे हों वो अदा भी मन में अंकित हो ही जाता है...............भोजपूरी अंचल का रस उनकी आवाज़ में है,खांटी गऊँठी आवाज़ जिसकी मिट्टी ही अलग किस्म की है आपके कानों तक पहुंचकर सुकून देते है, तो लीजिये रस पंडित छन्नू लाल जी की मधुर आवाज का....
Powered by eSnips.com

Friday, November 7, 2008

सभी मनोरंजन चैनल का फ़ैसला, नहीं दिखाएंगे नये कार्यक्रम सोमवार से...



पूरी दुनियाँ आर्थिक मंदी के दौर से गुज़र रही है,अपना देश भी इससे अछूता नही था पर टी वी देखने वाले दर्शकों को इस सोमवार पुराने प्रोग्राम देखकर ही संतोष करना होगा,हां भाई सारे मनोरंजन चैनल सोमवार से हड़तात पर जा रहे हैं,

पिछले कुछ दिनों से छोटे पर्दे की दुनियाँ में थोड़ी खटास सी आ गई है,मुद्दा पैसा है सभी तकनीशियन चाहते हैं कि उनका मेहताना बढ़ाया जाय पर, पर चैनल उनकी कोई भी मांग मानने को तैयार नहीं है और टेलीविज़न इंडस्ट्री से जुड़ी २२ यूनिय्नें भी झुकने को तैयार नहीं हैं, इसके फलस्वरूप सभी मनोरंजन चैनलों ने सामुहिक रूप से फ़ैसला लिया है कि सोमवार से उनके चैनल पर किसी भी सीरियल की नई कड़ियाँ प्रसारित नहीं होंगी,जब तक गतिरोध समाप्त नहीं हो जाता दर्शकों को पुराने कार्यक्रमों के रिपीट को देखकर ही संतोष करना होगा, शायद इस बार दर्शकों को नये कार्यक्रमों की झलक पाने के लिये थोड़ा ज़्यादा इंतज़ार करना होगा,सूचना ये है कि बिग बाँस के अलावा कोई भी चैनल अपने किसी भी कार्यक्रम की नई कड़ियाँ प्रसारित नहीं करेगा।

अगर आप और जानना चाहते हों तो यहाँ क्लिक करके जानकारी ले सकते हैं

Monday, November 3, 2008

आज सुनते हैं एक दादरा सुदीप बनर्जी से .....



आज आपको एक दादरा सुनाते हैं,आवाज़ सुदीप बनर्जी की है, वैसे सुदीप जी को यहां मुम्बई में कई बार सुन चुका हूँ, वैसे भी हमेशा मेरी ख्वाहिश रही है..जब भी कुछ संगीत गायन आदि को लेकर कोई बैठकी हो तो बड़ी सी जगह में खूब गद्दे वद्दे बिछे हों, गाव तकिये लगे हों,और आप सामने से बड़ी तबियत से दाद दे रहे हों और महफ़िल में कम से कम हर शक्स एक दूसरे को जानता हो तो उस महफ़िल की बात ही कुछ और होती है,ऐसे ही किसी दिन अपने मित्र संदीप को सुनने के लिये हम गद्दा बिछा कर इंतज़ार कर रहे थे ..जब तक संदीप नहीं आए तब तक मुझे ही गाना पड़ा लोग मजबूरी में वाह वाह कर रहे थे,और संदीप मियां जब आए तो अपने साथ सुदीप को लेते आये,वैसे संदीप भी अच्छा गायक है..पर उस दिन हमने पहली बार सुदीप को सुना और मस्त हो गये...बाद में पता चला भाई ये तो प्रोफ़ेशनल हैं और शान्ति हीरानन्द जी के चेले हैं और उन्हीं से पता चला कि शान्ति हीरानन्द की गुरु बेग़म अख्तर
रहीं है, तो रात भर हम सुनते रहे सुदीप और संदीप को ......सुदीप बनर्जी की आवाज़ मैने दूरदर्शन पर सुनी थी..॥

सीडी पर भी मैने सुदीप की आवाज़ सुनी....पर सुदीप की आवाज़ का जादू जब आप उन्हें सामने से सुनें तभी रस देगा....कुछ आवाज़े होती है जो माइक पर एकदम भिन्न हो जाती हैं,वैसे मेरी भी आवाज़ माइक पर आते ही बदल जाती है जो मुझे पसन्द नहीं है...पर आपको सुदीप का ये अंदाज़ ज़रूर पसन्द आएगा।

ये दादरा है जो किसी संगीत महफ़िल में सुदीप जी ने गाया था उनका परिचय भी आपको उन्हें सुनते हुए मिल जाएगा...मेरे पास एक रचना और है जिसे सुदीप ने गाया है पर वो मैं अभी नही बाद में सुनवाउंगा अभी तो आप इसे सुनें।

Saturday, October 25, 2008

ये कैसी दुनियाँ है.........मन बौरा रहा है

अजीब सी बात है......कि हम संगीत में डूबे रहे.....और इस बीच किसी परिवार ने बहत्तर क्रेडिट कार्ड रखने के बाद भी जीवन लीला समाप्त कर ली ........घर में चार सदस्य थे और सुबह का सूरज देख नही पाये, ये घटना मुम्बई के बोरीवली की है..... हम संगीत सुनते रहे... और इस बीच टाटा ने अपनी नैनों को बंगाल से सरका के गुजरात पहुंचा दी ममता बनर्जी और कम्युनिस्ट हाथ मलते रहे और मोदी गदगद है पर हम हैं कि संगीत सुनते है रहे.. .. इस बीच दुनियाँ में अपनी ही धौंस मे रह रहे अमरीका के बैंक दीवालिया होने लगे...चरमरा गई बुश की अर्थव्यवस्था........खुद तो डूब ही रहे थे ...पर दुनियाँ में जल्दी से धन पाने की होड़ मे लगे लोगों को इस मंदी से तेज़ का झटका लगा रहे हैं और हम हैं कि संगीत में खोये हैं .....बैंक से कर्ज़ ले के हमने भी बनाया था अपना आशियाना,घर का कागज़ बैंक के पास पड़ा है..जब तक कर्ज़ चुका नहीं देता तब तक बैंक के पास मेरा आशियाना रहेगा गिरवी, अब हालत ये है कि हम भी ब्याज के कम होने होने की राह देख रहे हैं इस दर्द से छुटकारा पाने के लिये संगीत सुन रहे हैं ।

मैं अपनी ठुमरी पर कोई भी पोस्ट चढ़ाते समय यही सोचता था कि दुनियाँ में कितना दर्द है.......कभी उड़ीसा में कोई मरता है धर्म के नाम पर तो मुम्बई भी कम है क्या इलाक़े के नाम पर हो रही है मार.....बच्चों कॊ पीटा गया....टैक्सी,ऑटो, और कमज़ोर लोगों पर की गई ज़ोर आज़माईश ..कलेजे में ये खबर बरछी की तरह धंस गई..........हम लाचार है.......क्या कर सकते हैं ?कुछ नहीं, अफ़सोस प्रकट करने और अपना गुस्सा ज़ाहिर करने के सिवाय हम कुछ नहीं कर सकते..... अभी मुम्बई में पिछले दिनों गणपति महोत्सव में बड़ी बड़ी गणेश की मूर्तियाँ दिखी.....खूब जश्न का माहौल था आस पास मोहल्ले खूब गुलज़ार थे गणपति के ख्त्म होने पर लाल बाग के राजा के पंडाल में शुरू हुआ चढा़वे का मुल्यांकन...किसी भक्त ने सोना चढ़ाया तो किसी ने डॉलर..किसी ने रूपया.....किसी ने गहना...इन सब का मुल्यांकन करोड़ो में आंका गया लगता ही नहीं कि हम एक गरीब देश हैं ...
अब आ रही है दीवाली और आर्थिक मंदी की मार अजीब सी है.....अब देखना है कैसी बीतती है दिवाली........लेकिन कुछ घटना जो अभी जुमा जुमा गुज़रीं हैं ......अभी कुछ ही दिनों की तो बात है जब आदमी उमरदार हो जाता था तो मालिक लोग वीआरएस देकर लोगों को घर बिठा देते थे पर इसका क्या करें कि जुमा जुमा जिन्हें एक साल भी नहीं हुए थे नौकरी किये...उनके लिये जेट ने एलान कर दिया कि भाई आप लोग जाँय...हम पचा नहीं पा रहे ..थोड़ा दबाब बना और सब लोग वापस..पर अबकी बार तनख्वाह में कटौती की शर्तों को मानकर फिर से बेचारे लोगों ने हवाई जहाज में उड़ना मंज़ूर कर लिया ......

वैसे भी संस्थाओं में हर कुछ महीने में दो चार की छटनी तो हो ही जाती है और अब इस आर्थिक मंदी के दौर में हम पर अब बिजली गिरने वाली है अब इतने बड़े आर्थिक संकट से मैं अकेले लड़ भी तो नहीं सकता ...तो अब आप ही बताइये कि संगीत सुनने के अलावा और क्या चारा है?

कभी कभी आपको लगता होगा कि दुनियाँ में इतनी सारी घटनाएं घट रही है..पर विमल लाल की ठुमरी पर इसका रंच मात्र भी प्रभाव नहीं पड़ता, तो शायद आप मुगालते में है..कभी अपने पुराने दिनों को याद करता हूं... जब मैं दिल्ली में था इलाहाबाद और आज़मगढ़ मे था पर यहाँ दिल्ली की एक घटना याद आ रही है....एक आयोजन हमने किया उसका नाम हमने रखा "हमारे दौर में" ये वो समय था जब अडवानी रथ पर सवार थे और जब उतरे तो एक कांड हो गया जो आज भी लोगों को याद है..राम जन्म भूमि- बाबरी मस्जिद विवाद और इसके विरोध में हम नाटक करते करते हमारी नाटक मंडली अछूती रह न पायी और धीरे धीरे नाटक करते करते हम गीत रचने और और गाने लगे और गाते गाते हम सड़क पर कब आ गये ये पता ही नहीं चला पर लगता है पर तब की बात और थी... .आज बात ही कुछ और है अब हमारे पास खोने के लिये मेरी माँ है बीवी है मेरी बिटिया है, एक दम टिपिकल निम्न मध्यवर्ग टाइप हम हो गये है ........तो अब करें क्या, अब तो हमारे पास संगीत सुनने के अलावा कोई चारा भी तो नही है......दुनियाँ जैसी पहले थी वैसी आज तो नहीं है..वैसे ही संगीत जो पहले था आज नहीं हैं....हम भी पहले जैसे थे वैसे नहीं है .सब कुछ बदल गया है...पर इस बदले हुए रूप में भी हम अपने लिये मोती तलाशते रहते हैं....एक शेर याद आ रहा है मालूम नही ये किसका शेर है आज पता नहीं क्यों याद आ रहा है.....इस शेर को मैने पहली बार अपने अभय तिवारी जब इलाहाबाद के डीजे हास्टल में रहा करते थे तो उनके कमरे की दिवार पर मैने लिखा देखा था


ये सर्द रात ये आवारगी ये नींद का बोझ

अपना शहर होता तो घर गये होते

इसी बात पर कुछ जोड़कर लाया हूँ आपके लिये, अगर अच्छा न लगे तो भी अगली बार ज़रूर आईयेगा शायद कुछ अलग सा लगे पर आईयेगा ज़रूर

आज पंकज अवस्थी की कुछ रचनाएं खास आपके लिये ही लेकर आया हूँ पंकज की आवाज़ तो खांटी है ही और सुर का चढ़ाव उतार भी मस्त है.... पंकज अवस्थी उभरते हुए संगीतकार हैं,गाते हैं और संगीत भी देते हैं..भाई हम इनके उज्वल भविष्य की कामना करते हुए इन्हे सुने ज़्यादा मज़ा आयेगा..ये गाने फ़िल्म अनवर से हैं पर मुम्बईया गानों से अलहदा लगते है। ऊपर पंकज के लिंक दिये हैं उसे भी चटका लगा के पंकज के बारे में कुछ और जान सकते है।

तोरे बिन जियरा ना लागे.......



दिलबर मेरा दूर हुआ......


इस गाने को अभी भी समझने की कोशिश कर रहा हूँ अगर आप समझ रहे हों तो बताते जाँय


माफ़ी चाहता हूँ....कोई भी प्लेयर काम शायद कर नहीं रहा तो ऐसी स्थिति में पंकज पर क्लिक करें और वहां भी पंकज को आप सुन सकते हैं.....आपको असुविधा हुई उसका वाकई मुझे खेद है....

Sunday, October 12, 2008

एक आवाज़ अमानत अली साहब की.......

संगीत अकेलेपन का साथी है...और साथ साथ दोस्तों की महफ़िल में संगीत की बैठकी हो तो पूरा का पूरा हुजूम थिरक रहा होता है या अकेले हों तो भी संगीत आपका अच्छा साथी होता ही है,पर इधर बहुत दिनों से कुछ नया सुना भी नहीं है...और अब लगता है गुलाम अली,मेंहदी हसन,लता जी जगजीत सिंह, नैयरा नूर मुन्नी बेगम आदि जितना पहले हमारे करीब थे उतना ही करीब आज भी हैं,मौके बे मौके हम तो इन्हें सुन ही लेते है,अगर मैं ग़लत नहीं हूँ तो आज जो आवाज़ आप सुनेंगे वो आवाज़ अमानत अली खान साहब की है.....इसे सुने आपको भी अच्छा लगेगा...



अभी तो आपने इन्हें सुन लिया पर अगली बार आपको कुछ नई आवाज़ें जिन्हें मैं पसन्द करता हूं,वादा करता हूँ जल्दी ही आपको सुनवाउंगा...

आज की पीढ़ी के अभिनेताओं को हिन्दी बारहखड़ी को समझना और याद रखना बहुत जरुरी है.|

  पिछले दिनों  नई  उम्र के बच्चों के साथ  Ambrosia theatre group की ऐक्टिंग की पाठशाला में  ये समझ में आया कि आज की पीढ़ी के साथ भाषाई तौर प...